नई दिल्ली। राष्ट्रपति भवन के मुगल गार्डन का नाम शनिवार को बदलकर ‘अमृत उद्यान' कर दिया गया है। हर साल वसंत के मौसम में इसे जनता के लिए खोला जाता है। राष्ट्रपति 29 जनवरी को उद्यान उत्सव की शुरुआत करेंगी। वहीं, आम जनता के लिए ‘अमृत उद्यान' 31 जनवरी को खोला जाएगा और 26 मार्च तक लोग यहां घूम सकेंगे। साथ ही, अमृत उद्यान में कई बदलाव भी किये गए हैं। हर साल की तरह इस बार भी 5 से 6 लाख लोगों के आने के उम्मीद है।

जनता के लिए पहली बार इसे देश के पहले राष्ट्रपति डॉ. राजेन्द्र प्रसाद ने खुलवाया था। यहां ब्रिटिश और मुगल दोनों के गार्डन की झलक मिलती है। राष्ट्रपति भवन बनाने वाले आर्किटेक्ट एडविन लुटियंस ने इसे बनाया था।

राष्ट्रपति की डिप्टी प्रेस सेक्रेट्री नविका गुप्ता ने कहा कि मुगल गार्डन में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए कई बदलाव भी किए गए हैं। सभी पौधों के पास क्यूआर कोड लगाया जाएगा। अगर कोई भी इसे स्कैन करेगा तो उसे पौधे से जुड़ी सारी जानकारी मिल जाएगी। इसके साथ ही 20 प्रोफेशनल तैनात किए जाएंगे, जो लोगों को गार्डन के बारे में जानकारियां देंगे।

बता दें कि अमृत उद्यान 15 एकड़ में फैला है। गार्डन को राष्ट्रपति भवन की आत्मा माना जाता है। इसमें 138 तरह के गुलाब, 10 हजार से ज्यादा ट्यूलिप बल्ब और 70 अलग-अलग प्रजातियों के लगभग 5 हजार मौसमी फूलों की प्रजातियां हैं।




