img

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में नक्सली हमला, 10 जवान शहीद

— डीआरजी यूनिट के वाहन को आईडीडी ब्लास्ट कर उड़ाया,वाहन चालक की भी मौत

दंतेवाड़ा । छत्तीसगढ़ में बुधवार को बड़ा नक्सली हमला हुआ। डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (डीआरजी) यूनिट के जवानों को लेकर जा रहे वाहन को आईईडी ब्लॉस्ट कर उड़ा दिया गया। इस हमले में डीआरजी के 10 जवान शहीद हो गए जबकि वाहन चालक की भी मौत हो गई। घटना दंतेवाड़ा जिले के अरनपुर थाना क्षेत्र में अरनपुर-समेली के बीच हुई ।


जानकारी के मुताबिक, माओवादी कैडर की मौजूदगी की सूचना पर दंतेवाड़ा से डीआरजी जवानों को रवाना किया गया था। इसके बाद सभी जवान वहां से लौट रहे थे। इसी दौरान घात लगाए नक्सलियों ने अरनपुर मार्ग पर पालनार में ब्लास्ट कर दिया। बताया जा रहा है कि जवान एक प्राइवेट वाहन से निकले थे। हमले में वाहन चालक धनीराम यादव की भी  मौत हुई हैै। हमले के बाद जवानों की ओर से भी जवाबी कार्रवाई की गई। इसमें कुछ नक्सली भी घायल हुए हैं। आईजी सुंदरराज पी ने कहा- मौके पर सीनियर ऑफिसर्स भेजे गए हैं। इलाके में सर्चिंग ऑपरेशन जारी है।

ये जवान हुए शहीद
हेड कॉन्सटेबल जोगा सोढी, मुन्ना राम कड़ती, संतोष तामो, नव आरक्षक दुल्गो मण्डावी, लखमू मरकाम, जोगा कवासी, हरिराम मण्डावी, गोपनीय सैनिक राजू राम करटम, जयराम पोड़ियाम और जगदीश कवासी ।

इंसेट
मुख्यमंत्री बघेल ने कहा- नक्सलियों को बख्शेंगे नहीं

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हमले पर दुख जताया है। उन्होंने कहा- शहीदों के परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। नक्सलियों को बख्शा नहीं जाएगा। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को हर संभव सहायता देने की बात कही है।

इंसेट

बस्तर में नक्सली चला रहे अभियान

बस्तर में नक्सलियों ने  इस समय टैक्टिकल काउंटर अफेंसिव कैंपेन (टीसीओसी) चला रखी है। इस दौरान नक्सली अक्सर बड़े हमले करते हैं। इसके चलते फोर्स पहले से ही अलर्ट माेड पर है। इसी के तहत जवानों की भी सर्चिंग लगातार जारी है। पिछले सप्ताह बीजापुर कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी के काफिले पर नक्सलियों ने हमला किया था। वह साप्ताहिक बाजार में नुक्कड़ सभा कर लौट रहे थे। इसके तीन दिन बाद नक्सलियों ने प्रेस नोट जारी कर TCOC चलाए जाने की बात कही थी। हालांकि विधायक को निशाना बनाने की बात से इनकार किया था।

दो साल पहले हमले में 22 जवान हुए थे शहीद
इससे पहले साल 2021 में अप्रैल माह में ही नक्सलियों ने सबसे बड़ हमला बीजापुर के तर्रेम क्षेत्र के टेकलगुड़ा में किया था। उस समय नक्सलियों ने बैरल ग्रेनेड लॉन्चर(बीजीएल) से हमला किया था। इसमें 22 जवान शहीद हुए थे और 35 से ज्यादा घायल हुए थे। नक्सली हमले के साथ ही जवानों से हथियार भी लूटकर ले गए थे। इसी दौरान नक्सलियों ने सीआरपीएफ कोबरा बटालियन के जवान राकेश्वर सिंह मन्हास का अपहरण किया था। हालांकि बाद में उसे रिहा कर दिया था। 
 


Read More: माफिया अतीक अहमद के बेटे मौत, बड़े भाई से मिलने झांसी जेल जा रहा था, कार डिवाइडर से टकराई