नई दिल्ली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने इस साल मानसून सामान्य रहने की संभावना जताई है। शुक्रवार को प्रेस वार्ता में मौसम विभाग ने जानकारी दी कि मानसून 4 जून के आसपास केरल में पहुंच जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक हफ्ते तक अरब सागर में चक्रवात की संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने उत्तर पश्चिम भारत में अब तक सामान्य से कम बारिश होने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार अगर वर्षा का वितरण सभी जगह लगभग समान हो तो यह एक आदर्श स्थिति होगी। अगर हमें हर जगह समान वितरण मिलेगा तो कृषि पर ज्यादा प्रभाव नहीं पड़ेगा।
मौसम विभाग का कहना है कि जून महीने में सामान्य से कम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के एनवायरमेंट मॉनिटरिंग एंड रिसर्च सेंटर के चीफ डी शिवानंद पई ने कहा कि जून में देश के अधिकतर स्थानों पर सामान्य से कम बारिश हो सकती है और सिर्फ दक्षिण पेनिनसुला, उत्तर पश्चिम भारत, उत्तर पश्चिम और उत्तर भारत के कुछ इलाकों में बारिश सामान्य रह सकती है। शिवानंद पई ने कहा कि अल नीनो प्रभाव के बावजूद दक्षिण पश्चिम मानसून सामान्य रहेगा।
इससे पहले आशंका जताई जा रही थी कि आगामी दक्षिण पश्चिमी मानसून सीजन में बारिश औसत से कम होने की आशंका थी। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में बारिश के विषम वितरण की बात भी कही गई थी। प्रशांत महासागर में अल नीनो प्रभाव के चलते औसत से कम बारिश की बात कही जा रही थी लेकिन अब मौसम विभाग ने साफ कर दिया है कि मानसून सामान्य रहेगा और अल नीनो का इस पर खास प्रभाव नहीं पड़ेगा।
Read More: बंगाल के आसनसोल में लाउडस्पीकर को लेकर बवाल,पुलिस टीम पर हमला, थाने में तोड़फोड़




