img

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। महू तहसील अंतर्गत किशनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पिगडंबर में एक कांग्रेस नेता के छह साल के भतीजे की अगवा कर हत्या कर दी गई। अपहरणकर्ताओं ने बच्चे की हत्या से पहले उसके परिजनों को फोन कर चार करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी।


घटना के दोनों मुख्य आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अपहरण करने वाले बच्चे के करीबी ही हैं। जब उन्हें पता चला कि पुलिस  को इसकी खबर हो गई है तो उन्होंने बच्चे की हत्या कर दी। बच्चे का शव एक पुलिया के नीचे मिला है। इस घटना का सीसीटीवी भी सामने आया है। इसमें आरोपित बच्चे को लेकर जाते दिखाई दे रहा है।

पुलिस के अनुसार ग्राम पिगडंबर निवासी विजेंद्र सिंह चौहान कांग्रेस नेता हैं। उनके छोटे भाई जितेन्द्र सिंह चौहान का छह वर्षीय बेटा हर्ष चौहान रविवार शाम को करीब छह बजे लापता हो गया था। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रात करीब आठ बजे अपहरणकर्ताओं ने हर्ष के परिजनों को फोन किया और 4 करोड़ की फिरौती मांगी।  परिजनों ने इसकी जानकारी किसी को नहीं दी।  सूत्रों से जानकारी मिलने पर पुलिस टीम गांव में पहुंची। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई। फुटेज में जितेंद्र की बुआ का लड़का रितेश बच्चे हर्ष के साथ जाता हुआ नजर आया। 

पुलिस ने रितेश से पूछताछ की, तो उसने दूसरे आरोपी विकास के बारे में बताया। उसने कहा कि हर्ष को विकास को सौंप दिया था। इसके बाद पुलिस ने विकास की तलाश की। करीब रात दो बजे विकास पकड़ में आया। विकास ने पुलिस को बताया कि उसने अगवा बच्चे हर्ष की हत्या  कर शव को चोरल के बाईग्राम की पुलिया के नीचे फेंक दिया। पुलिस ने मौके से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जानकारी मिलने के बाद पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी भी परिजनों से मिलने पहुंचे। 


Read More: मध्य प्रदेश की धार भोजशाला मंदिर करार, हाई कोर्ट ने हिंदू पक्ष की मांग पर लगाई मुहर