img

छतरपुर। मध्य प्रदेश के  बागेश्वर धाम में गुरुवार बड़ा हादसा हो गया। यहां सुबह पंडाल का एक हिस्सा गिर गया। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल बताए गए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया गया कि बारिश और आंधी के चलते ये हादसा हुआ। हादसा सुबह 7 बजे आरती के बाद हुआ। लोहे का एंगल गिरने की वजह से श्रद्धालु के सिर पर चोट लगी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरती के दौरान बारिश हो रही थी। इसी समय भारी भीड़ जमा हो गई। बारिश से बचने के लिए लोग शेड के नीचे पहुंचे थे। मृतक का नाम श्यामलाल कौशल है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

घायलों ने बताया कि हम लोगों को दर्शन के लिए जाना था पानी गिरने लगा तो भागकर पंडाल के नीचे खड़े हो गए और जब पानी बंद हो गया तभी अचानक पंडाल गिर गया और भगदड़ मच गई। हम लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई है। यहां पंडाल में तकरीबन 15 से 20 लोग नीचे दब गए तो वहां मौजूद लोगों ने उन्हें बाहर निकाला। उन्होंने बताया कि बड़े पापा के सिर में लोहे का पाइप लग गया, जिन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है। (एजेंसी)


Read More: MP: बागेश्वर धाम में बड़ा हादसा, पंडाल का हिस्सा गिरने से एक श्रद्धालु की मौत, आठ घायल