लखनऊ। राजधानी के अलीगंज इलाके में 2 मंजिला इमारत में आग लगने की घटना और 15 लोगों की मौत के बाद कार्रवाई का दौर शुरू हो गया है। बुधवार को लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने इमारत पर नोटिस चिपकाया है।
LDA के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि बिल्डिंग मालिक को नोटिस जारी कर 15 दिन में जवाब मांगा गया है। बिल्डिंग पर बुलडोजर चलेगा। बता दें कि यह इमारत अवैध थी। 2016 में गिराने का आदेश हुआ था। बाद में आदेश निरस्त कर दिया गया था। बता दें कि सोमवार को इमारत में आग लगने 15 लोगों की मौत हो गई थी। मरने वालों में ज्यादातर स्टूडेंट्स थे।
इमारत रामेश्वरम इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट कॉलेज के मालिक वीरेंद्र शुक्ला की है। पुलिस ने गैर-इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर वीरेंद्र समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। LDA के 6 अफसर सस्पेंड कर दिए गए हैं। 18 अफसरों के खिलाफ शासन को नोटिस भेजा गया है।
वहीं, अग्निकांड के बाद पूरे प्रदेश में कोचिंग-होटलों में पुलिस छापेमारी कर रही है। अब तक 48 कोचिंग और 3 होटल सील कर दिए गए हैं। इनमें फायर सेफ्टी के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे।
सीएम योगी ने की सख्त हिदायत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के अलीगंज में बीते दिनों आग लगने की दुर्भाग्यपूर्ण घटना को प्रदेश के लिए एक बड़ा सबक बताते हुए कहा कि इस पीड़ादायक घटना से सीख लेते हुए यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इसके लिए शासन, प्रशासन और आमजन को मिलकर अग्नि सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करना होगा।
सुरक्षा मानकों का अनुपालन हो
मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर में मिशन मोड में व्यापक फायर सेफ्टी ऑडिट अभियान चलाने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी जनपदों में अस्पतालों, नर्सिंग होमों, मेडिकल कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों, शॉपिंग मॉल, सरकारी भवनों तथा अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच कर आवश्यक सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।
Read More: लखनऊ अग्निकांड: बिल्डिंग मालिक को नोटिस, बुलडोजर भी चलेगा, यूपी में 48 कोचिंग सील




