प्रयागराज। यूपी बोर्ड 10वीं का रिजल्ट जारी हो गया है। इस साल 90.42% छात्र-छात्राएं पास हुए हैं। 97.83% अंकों के साथ सीतापुर की कशिश वर्मा और बाराबंकी की अंशिका वर्मा ने टॉप किया। 97.50% अंकों के साथ दूसरे नंबर पर बाराबंकी की अदिति रहीं। 97.33% अंकों के साथ सीतापुर की अर्पिता, झांसी के ऋषभ साहू, बाराबंकी की परी वर्मा तीसरे नंबर पर रहीं।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के मुताबिक, 2026 में हाईस्कूल (10वीं) में 27 लाख 50 हजार 945 छात्र-छात्राएं रजिस्टर्ड हुए थे। इनमें 14 लाख 38 हजार 682 छात्र और 13 लाख 12 हजार 263 छात्राएं थीं। 25.89 लाख स्टूडेंट्स ने परीक्षा दी थी। 1.61 लाख छात्र-छात्राओं ने परीक्षा छोड़ दी थी।
10वीं की परीक्षाएं सभी 75 जिलों में 8033 केंद्रों पर 18 फरवरी से शुरू हुई थीं। दो पालियों में परीक्षा हुई। 12 मार्च को परीक्षा समाप्त हुई। प्रदेश में कुल 254 मूल्यांकन केंद्र बनाए गए थे। हाईस्कूल की कॉपी चेक करने के लिए 96,804 शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई थी। 18 मार्च से शुरू होकर 4 अप्रैल तक मूल्यांकन चला। करीब 1.57 करोड़ कॉपियां चेक की गईं।
पिछले साल यानी 2025 में परीक्षा खत्म होने के 44 दिन बाद (25 अप्रैल) को परीक्षा परिणाम घोषित किए गए थे। तब 90.11% छात्र-छात्राएं पास हुई थीं। इस बार 42 दिन बाद बोर्ड परीक्षा के परिणाम घोषित होने जा रहे हैं।
Read More: यूपी के मऊ में दर्दनाक हादसा, दूसरी लेन में घुसी स्कॉर्पियो, ट्रेलर से टकराई, 5 की मौत




