भोपाल । मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में एक 6 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म की जघन्य वारदात ने प्रदेश को दहला दिया। अब इस मामले में मासूम के साथ दरिंदगी करने वाले आरोपी को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दुष्कर्म करने वाले दरिंदे सलमान का शुक्रवार सुबह शॉर्ट एनकाउंटर हो गया। आरोपी के पैर में गोली लगी है और वह घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती है। इधर मासूम बच्ची अभी भी भोपाल के अस्पताल में भर्ती है और हालत गंभीर बनी हुई है।
बच्ची से दुष्कर्म के बाद से फरार चल रहे 30 हजार के इनामी बदमाश सलमान को भोपाल के गांधीनगर क्षेत्र में वार्ड नंबर 11 के पास एक चाय की दुकान से गुरुवार देर रात को गिरफ्तार किया गया। लोगों ने आरोपी को पहचान लिया और तुरंत गांधीनगर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही भोपाल पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर सलमान को दबोच लिया। इसके बाद उसे रायसेन पुलिस के हवाले कर दिया गया।
शुक्रवार सुबह गाैहरगंज और भोपाल पुलिस की स्पेशल जॉइंट टीम उसे लेकर रायसेन के लिए रवाना हुई। भोपाल से गोहरगंज जाते समय भोजपुर के प्रसिद्ध शिव मंदिर के पास कीरतनगर के जंगली इलाके में पुलिस का वाहन अचानक पंचर हो गया। जैसे ही वाहन रुका, पुलिस के जवान नीचे उतरकर टायर देखने लगे। तभी हथकड़ी लगे आरोपी सलमान ने अचानक सब-इंस्पेक्टर की सर्विस रिवॉल्वर छीनने की कोशिश की। उसने रिवॉल्वर छीन ली और पुलिसवालों पर फायर करने लगा। बचाव में पुलिस पार्टी ने जवाबी फायरिंग की। एक गोली सलमान के दाहिने पैर में जा लगी। (हि.स.)
एसपी आशुतोष गुप्ता ने कहा, “आरोपी पुलिस पर हमला करना चाहता था और भागने की कोशिश कर रहा था। जवानों ने अपनी और साथियों की जान बचाने के लिए नियमानुसार गोली चलाई। पूरी घटना की मजिस्ट्रियल जाँच कराई जाएगी।”
Read More: मप्र के सागर में भीषण सड़क हादसा, पुलिस के 4 जवानों की मौत, कंटेनर से टकराई गाड़ी




