लखनऊ । उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आसमान से आग बरस रही है। शुक्रवार सुबह से तेज चटक धूप और उमसभरी गर्मी से लोग परेशान हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि आज लखनऊ का अधिकतम तापमान 42 डिग्री रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 31 डिग्री रहने की संभावना है। दिन में तापमान सामान्य से अधिक रहेगा।
गुरुवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 44 डिग्री रहा है। यह सामान्य से 4.7 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान 31.2 डिग्री रहा है। यह सामान्य से 4 डिग्री अधिक रहा। अधिकतम नमी 60 फीसदी और न्यूनतम 37 फीसदी रही। यह सीजन का सबसे अधिक तापमान रहा। दिन भर वार्म डे की स्थिति बनी रही।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले दो दिन तक भीषण गर्मी बनी रहेगी। दिन में कई बार बादल भी छाए रहेंगे। 15 और 16 जून से बारिश के आसार बनेंगे। 30-40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार तक हवा चलेगी। प्रदेश में कई जगहों पर हीट वेव की स्थिति बनी रहेगी।
सूरज की गर्मी और हवा की नमी से अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी ऊपर हैं। नमी अधिक होने से "हीट इंडेक्स" बढ़ा हुआ है, जिससे "फील लाइक टेम्प्रेचर" वास्तविक तापमान से ज्यादा लगता है। अगले 24 घंटों में इसमें कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, इसलिए 13 जून तक लू और गर्म रातें जारी रहेंगी।
Read More: लखनऊ के गोमती नगर में निर्माणाधीन इमारत गिरी, मजदूर दबे, एक की मौत




