भिवानी। इंफ्लूएंजा के बढ़ते मामलों को लेकर स्थानीय स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। पॉजिटिव मरीज के लिए भिवानी के चौ. बंसीलाल नागरिक अस्पताल में रखने की व्यवस्थाएं की गई हैं। भिवानी जिले में पहली स्टेज के दो मरीज मिले थे, लेकिन समय पर इलाज के बाद वे ठीक हैं। भिवानी के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रघुबीर शांडिल्य ने नागरिकों से अपील की है कि वे इंफ्लूएंजा से घबराए नहीं, बल्कि समय पर इलाज करवाएं।
इंफ्लूएंजा फ्लू के बारे में जानकारी भिवानी के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शांडिल्य ने बताया कि फ्लू एच1एन1, एच2एन2, एच3एन1 तरह के हैं। पहली स्टेज में स्वाइन फ्लू कहते हैं तथा 9एचजी में स्पेसिफिक टेस्ट करते हैं। उन्होंने बताया कि जैसे कोरोना का टेस्ट होता है, वैसे ही सही समय पर कंजरवेटिव इलाज होता है। लगभग 70 से 80 फीसदी माइल्ड टू मोडरेट होकर यह फ्लू अपने आप ठीक होने वाली बीमारी है। इसके लक्षणों के बारे में सीएमओ शांडिल्य ने बताया कि एक सप्ताह से ज्यादा खांसी, जुकाम, गला खराब होना, सांस लेने में दिक्कत, बॉडी में दर्द होना इसके लक्षण है। उन्होंने कहा कि समय रहते इलाज नहीं लिया गया या लापरवाही की तो मौत की भी आशंका बढ़ जाती है।
फ्लू से बचाव के बारे में सीएमओ ने बताया कि बार-बार हैंडवाश करें, सोशल डिस्टेंस रखें, मास्क या कपड़े से मुंह को ढकें। उन्होंने कहा कि इस फ्लू के लिए भी कोविड वाले नियमों की पालना करना जरूरी है। उन्होंने बताया कि चौधरी बंसीलाल नागरिक अस्पताल में टेस्ट और सैंपल की सुविधा है। फ्लू से ग्रस्त मरीज के लिए वार्ड नंबर-9 आइसोलेशन बनाया गया है। उन्होंने बताया कि मरीज का सैंपल रोहतक भेजे जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इसकी एंटी वायरस टेबलेट भी है, जिसे ज्यादा दिक्कत होती है उसे 7 दिनों तक 75एमजी देते हैं।




