img

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में इन दिनों तेज गर्मी और लू (हीट वेव) का भीषण प्रकोप जारी है। मौसम विभाग ने कई जिलों में अगले कुछ दिनों तक लू चलने की चेतावनी दी है। ऐसे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राहत विभाग और स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक दिशा निर्देश जारी किये हैं।

मुख्यमंत्री योगी ने विभाग को प्रदेशवासियों को अलर्ट करने एवं हीट स्ट्रोक से बचाव संबंधी सुझाव देने के निर्देश दिये हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने आम जनता को जागरूक करने के लिए गाइडलाइन जारी की है, जिसमें तेज गर्मी और लू से बचाव संबंधी सुझाव दिये गये हैं। साथ ही विभिन्न पोस्टर और पर्चों के माध्यम से लोगों को सुरक्षा उपायों की जानकारी दी जा रही है।

प्रमुख सचिव, चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग पार्थ सारर्थी सेन शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी ने प्रदेशवासियों को तेज गर्मी और लू से बचाव के लिए आवश्यक दिशा निर्देश जारी करने के निर्देश दिये थे। इसी क्रम में विभाग की ओर से सभी प्रदेशवासियों को हीट स्ट्रोक से बचाव के लिए कई जरूरी सुझाव दिए गये हैं।

इन बातों का रखें ध्यान

1-बाहर निकलते समय शरीर को ढक कर रखें, हल्के रंग के आरामदायक कपड़े पहनें धूप में छाता या चश्मा जरूर लगाएं

2-नींबू पानी, शिकंजी और नारियल पानी जैसे तरल पदार्थों का सेवन करें

3-घरों और कार्यस्थलों पर पर्दों या शेड का प्रबंध करें ताकि सीधे सूर्य की किरणें अंदर न आएं।

4-दोपहर 12 से अपराह्न 4 बजे के बीच अत्यधिक गर्मी में बाहर निकलने से बचें।

5-खाली पेट न रहें और अधिक प्रोटीन या बासी भोजन का सेवन न करें। 

6-धूप में खड़ी गाड़ियों में बच्चों या जानवरों को अकेला न छोड़ें।

7-शराब, चाय, कॉफी, कार्बोनेटेड ड्रिंक आदि का अधिक सेवन न करें।

8- बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखें।


Read More: NEET की नई तारीख का ऐलान, 21 जून को दोबारा परीक्षा होगी