img

झालावाड़। राजस्थान के झालावाड़ में शुक्रवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक सरकारी स्कूल की बिल्डिंग गिरने से 5 बच्चों की मौत हो गई। घटना में 30 से ज्यादा बच्चे गंभीर घायल हैं।

मनोहरथाना ब्लॉक के पीपलोदी सरकारी स्कूल में हुए हादसे में शिक्षकों और ग्रामीणों की मदद से बच्चों को बाहर निकाला गया। घायलों को अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक  35 घायल बच्चों को लाया गया था। इनमें से 11 गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

वहीं, राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा है कि सभी घायलों का इलाज सरकार के खर्चे पर किया जाएगा। हादसे की जांच के भी आदेश दिए गए हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान, राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और अशोक गहलोत समेत कई नेताओं ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हादसे पर दुख जताते हुए एक्स पोस्ट में लिखा कि घायलों की हरसंभव मदद की जा रही है।

धर्मेन्द्र प्रधान ने लिखा-राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और शिक्षा मंत्री मदन दिलावर से बात कर बचाव कार्यों का जायजा लिया। राहत और बचाव कार्य जारी है एवं घायल बच्चों के उपचार के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।

ग्रामीणों का आरोप है कि स्कूल भवन लंबे समय से जर्जर स्थिति में था और इसकी मरम्मत के लिए कई बार शिकायतें की गई थीं, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई। हादसे के समय दोनों शिक्षक स्कूल भवन के बाहर थे। बारिश के दौरान कक्षा की छत गिरने से मलबे में दबे बच्चों को तुरंत बाहर निकालने का कार्य शुरू किया गया। राहत एवं बचाव कार्य के लिए प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंच गई थी।


Read More: PM मोदी आज रात 8:30 बजे देश को करेंगे संबोधित, महिला आरक्षण पर कर सकते हैं बात