बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में सोमवार की देर रात जिले के हैदरगढ़ थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में चार लोगों की जान चली गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
हैदरगढ़ क्षेत्र के सुल्तानपुर-लखनऊ एक्सप्रेस के ग्राम भिखरा के निकट देर रात हादसा मध्य रात्रि करीब दो बजे हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची तथा घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया।
पुलिस ने बताया कि इनोवा कार में सवार सात लोग उत्तराखंड के कैंची धाम दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान सुल्तानपुर से लखनऊ की ओर जा रहे ट्रेलर में तेज रफ्तार इनोवा कार घुस गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि इनोवा के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और कार में सवार लोग बुरी तरह फंस गए।
हादसे में 29 वर्षीय राहुल कुमार निवासी मुगलसराय जनपद चंदौली, 30 वर्षीय राहुल सिंह निवासी गैबीपुर जनपद गाजीपुर, 30 वर्षीय सत्यम सिंह निवासी रामपुर रसड़ा जनपद बलिया और 31 वर्षीय सूरज मिश्रा निवासी निकसपुर थाना सुल्तानपुर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पंकज, प्रशांत और चन्दन गंभीर रूप से घायल हो गए।
कोतवाल अनिल कुमार पांडेय ने बताया सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैदरगढ़ पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हादसे की जांच शुरू कर दी । (हि.स.)
Read More: कैंची धाम जा रहे 4 दोस्तों की सड़क हादसे में मौत, बाराबंकी में ट्रेलर में घुसी तेज रफ्तार इनोवा




