बेंगलुरु। केरल के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ओमन चांडी (79) का मंगलवार तड़के यहां निधन हो गया। गले के कैंसर से जूझ रहे चांडी ने बेंगलुरु के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके बेटे के अलावा केरल कांग्रेस के अध्यक्ष के सुधाकरन ने आज सुबह ट्वीट कर यह दुखद सूचना साझा की। वह लंबे समय से बीमार थे।
सुधाकरन ने ट्वीट में चांडी के निधन पर दुख व्यक्ति किया। उन्होंने कहा दिवंगत नेता की विरासत हमेशा हमारी आत्माओं में गूंजती रहेगी। वह हमारे सबसे प्रिय नेता रहे हैं। कांग्रेस परिवार उनके नेतृत्व और ऊर्जा को याद करेगा।
ओमन चांडी ने दो बार केरल की कमान संभाली। वह 2004-06 और 2011-16 तक केरल के मुख्यमंत्री रहे। कांग्रेस नेता चांडी 27 साल की उम्र में 1970 में विधायक बने। वह लगातार 11 चुनाव जीते। चांडी ने पिछले पांच दशकों में केवल अपने गृह निर्वाचन क्षेत्र पुथुप्पल्ली का प्रतिनिधित्व किया।
खड़गे, राहुल गांधी समेत कांग्रेस नेताओं ने जताया शोक
नई दिल्ली। कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता व केरल के पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी के निधन पर शोक जताया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि चांडी के दूरदर्शी नेतृत्व ने केरल की प्रगति और देश के राजनीतिक परिदृश्य पर एक अमिट छाप छोड़ी है। उन्हें हमेशा याद किया जाएगा। खड़गे ने ट्वीट कर परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदना प्रकट की है।
राहुल गांधी ने कहा है कि चांडी अनुकरणीय जमीनी स्तर के कांग्रेस नेता थे। उन्हें केरल के लोगों की आजीवन सेवा के लिए याद किया जाएगा। हम उन्हें हमेशा बहुत याद करेंगे। उनके सभी प्रियजनों के प्रति बहुत सारा प्यार और संवेदना। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने कहा है ओमन चांडी जन नेता थे। वह केरल की सेवा में हमेशा लगे रहे। उल्लेखनीय है कि चांडी का मंगलवार सुबह बेंगलुरु के एक अस्पताल में निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार थे। चांडी 2004 से 2006 और 2011 से 2016 तक दो बार केरल के मुख्यमंत्री रहे।
साल 2022 में वह 18,728 दिन तक सदन में पुथुपल्ली का प्रतिनिधित्व करके राज्य विधानसभा के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले सदस्य बन गए। उन्होंने केरल कांग्रेस (एम) के पूर्व प्रमुख दिवंगत केएम मणि के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। चांडी ने अपने राजनीतिक जीवन में चार बार विभिन्न मंत्रिमंडलों में मंत्री और चार बार नेता विपक्ष के रूप में कार्य किया है।
Read More: ICSE, ISC बोर्ड का रिजल्ट जारी, 10वीं में 98.18% तो 12वीं में 99% स्टूडेंट्स पास




