img

दिल्ली। लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास सोमवार की शाम एक कार में भीषण धमाका हुआ है। धमाके से आस पास की गयी गाड़ियां भी जल उठीं। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गयी। इसके अलावा 24 लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है।

देश भर में सुरक्षा कड़ा करने के निर्देश दे दिए गए हैं। सभी सुरक्षा एजेंसियों को जांच में लगा दिया गया है। अभी घटना की वजहों के बारे में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।  
दिल्ली फायर डिपार्टमेंट के मुताबिक, घटना की सूचना मिलते ही कुल 7 फायर टेंडर मौके पर पहुंचाई गईं और आग बुझाने का काम जारी है। वहीं, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई है और जांच शुरू कर दी गई है। 

फायर डिपार्टमेंट ने बताया कि फिलहाल धमाके के कारणों की जांच जारी है और विस्तृत जानकारी जल्द साझा की जाएगी। मौके पर पुलिस ने इलाके को पूरी तरह से घेर लिया है और मेट्रो स्टेशन के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

बताते हैं कि विस्फोट इतना तेज था कि आसपास अफरातफरी मच गई। एक पल में कार आग के गोले में बदल गई और उससे उठी लपटों ने बगल में खड़ी करीब सात से आठ गाड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। 

धमाका शाम 6 बजकर 55 मिनट पर हुआ। इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू लिया है। 

धमाके के बाद दिल्ली पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं और जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल यह साफ नहीं है कि धमाका कार में लगी सीएनजी से हुआ या इसमें किसी विस्फोटक पदार्थ का उपयोग हुआ।

शीशें चकनाचूर :  लाल किले के पास हुए धमाके का असर इतना तेज था कि मेट्रो स्टेशन की शीशे चकनाचूर हो गए। धमाके के बाद पूरे इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। 
स्थानीय लोगों के मुताबिक, धमाके की आवाज कई मीटर तक सुनी गई, और कंपन इतना तेज था कि पास खड़ी गाड़ियों के अलार्म अपने-आप बज उठे।
उत्तर प्रदेश अलर्ट पर :  धमाके के बाद उत्तर प्रदेश में सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश ने बताया कि डीजीपी ने सभी वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं कि राज्यभर में संवेदनशील धार्मिक स्थलों, जिलों और सीमा क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ाई जाए।

उन्होंने कहा कि सभी सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया है और राज्य के सभी जिलों की पुलिस को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। लखनऊ मुख्यालय से आदेश जारी कर संवेदनशील इलाकों में गश्त और चेकिंग बढ़ाने को कहा गया है। पुलिस को हर संदिग्ध गतिविधि पर नज़र रखने और सीमावर्ती इलाकों में निगरानी कड़ी करने के निर्देश दिए गए हैं। 


Read More: मप्र के सागर में भीषण सड़क हादसा, पुलिस के 4 जवानों की मौत, कंटेनर से टकराई गाड़ी