भुवनेश्वर। ओडिशा से एक बड़ी खबर आ रही है। यहां के स्वास्थ्य मंत्री नब दास को गोली मार दी गई है। ब्रजराजनगर में उन पर कुछ संदिग्धों ने फायरिंग की। हमला रविवार दोपहर करीब सवा बारह बजे हुआ।
घटना उस समय हुई जब मंत्री नब दास ब्रजराजनगर के गांधी चौक में एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें सीने में 4-5 गोलियां लगी हैं। गोली मारने वाले पुलिस की वर्दी में आए थे। कार से उतरते ही नब दास पर फायरिंग की गई। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
नब किशोर दास ने ओडिशा की झरसागुड़ा सीट से 2004 में पहली बार कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा। वह पहली बार चुनाव हार गए थे। इसके बाद 2009 में फिर उन्होंने कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ा और जीते। 2014 में भी कांग्रेस से जीते। साल 2019 के चुनाव में वे लगातार तीसरी बार इसी सीट से विधायक चुने गए। नव किशोर दास को क्षेत्र में प्रभावशाली नेता माना जाता है।
नब किशोर दास 2015 में विधानसभा सत्र के दौरान पोर्न देखते पकड़े गए थे। इसके बाद तत्कालीन विधानसभा अध्यक्ष निरंजन पुजारी ने उन्हें एक हफ्ते के लिए निलंबित कर दिया था। इस मामले में नब किशोर ने कहा था कि मैंने अपने जीवन में आज तक कोई भी एडल्ट वीडियो नहीं देखा है। यह इंटरनेट का इस्तेमाल करने के दौरान गलती से हो गया। जैसे ही मुझे पता चला, मैंने उसी समय इसे बंद कर दिया था।




