लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गुडंबा इलाके में ठेकेदार की गला रेतकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू की है। फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई है। साक्ष्य एकत्र कर रही है।
मृतक की पहचान 46 साल के उमाशंकर के रूप में हुई है। वो गुडंबा के अर्जुन एन्क्लेव में किराए के मकान में रहते थे। मकान मालिक मोहम्मद मुस्तकीम ने बताया कि शव कमरे में बेड पर पड़ा था।
वहीं शहर के महानगर इलाके में सोमवार को सौतेले पिता ने बेटी की चाकू मारकर हत्या कर दी। वह कोरोना काल में लड़की की विधवा मां के करीब आया। फिर उनके ही घर में रहने लगा। बेटी इसका विरोध करती थी। वह कहती थी- यह मेरे पापा का घर है। इसी बात पर उसकी सौतेले पिता से अक्सर नोकझोंक होती थी।
लड़की के पिता BAMS डॉक्टर थे। उनकी 2014 में मौत हो गई थी। आरोपी ने 2020 में महिला से शादी कर ली थी। बेटी को यह बिल्कुल अच्छा नहीं लगता था। वह ज्यादातर मां के पास रहती, जिससे वह आदमी (सौतेला पिता) दूर रहे। इस बात से सौतेला पिता उससे चिढ़ता था।
वह बेटी के हर काम में टोका-टाकी करता रहता था। मां से कहता कि इसके चाल-चलन अच्छे नहीं हैं। इसे घर से भगा दो। सोमवार देर शाम लड़की मोबाइल फोन चला रही थी। बस उसे झगड़ने का मौका मिल गया। उसने कहा- तुम किस लड़के से बात कर रही हो?
फिर बहस के बाद उसकी चाकू से हमला कर हत्या कर दी। घटना महानगर के विज्ञानपुरी कॉलोनी की है। यहां रेखा राजपूत अपनी बेटी सिमरन और दूसरे पति विनोद पांडेय के साथ रहती हैं। सिमरन एमिटी यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रही थी।
Read More: लखनऊ के गोमती नगर में निर्माणाधीन इमारत गिरी, मजदूर दबे, एक की मौत




