नई टिहरी। लोकतंत्र बचाने और कांग्रेस नेता राहुल गांधी की संसद सदस्यता षड्यंत्र के तहत खत्म करने के मुद्दों को लेकर नगर पालिका के निकट महात्मागांधी की प्रतिमा के समक्ष कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सत्याग्रह किया। इस मौके पर भाजपा की केंद्र सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया।
रविवार को स्थानीय कांग्रेसियों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष सत्याग्रह शुरू किया। इस मौके पर कांग्रेस वक्ताओं ने कहा कि पूरे देश में भाजपा की केंद्र सरकार के चलते डर का माहौल बना हुआ है। आपसी सौहार्द लगातार खराब हो रहा है। आम लोगों की पूंजी उद्योगपतियों को देकर महंगाई और बेरोजगारी से आम लोगों को त्रस्त किया जा रहा है।
इसके साथ ही शक्तियों का दुरुपयोग कर लोकतंत्र में बोलने की आजादी पर नकेल कसकर अलोकतांत्रिक कार्यवाहियां की जा रही हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी की संसद सदस्यता को खत्म कर केंद्र की भाजपा सरकार ने लोकतंत्र की हत्या करने का काम किया। लगातार केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर आवाज उठाने वाले नेताओं पर नकेल कसने का काम किया जा रहा है, लेकिन कांग्रेस किसी हाल में डरने वाली नहीं है।
उन्होंने कहा कि कन्याकुमारी से कश्मीर तक 3800 किमी की पैदल यात्रा कर जनता का भरोसा बटोरने वाले राहुल गांधी की लोकप्रियता और लगातार संसद से सड़क तक केंद्र की भाजपा सरकार की खामियों को उजागर करने का काम करने के चलते सत्तापक्ष ने उन पर द्वेषपूर्ण कार्यवाही की है। यह लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है। जनता इसे समझ रही है। इसका खामियाजा भाजपा को वक्त आने पर भुगतना होगा।
इस मौके पर भाजपा के जिलाध्यक्ष राकेश राणा, प्रदेश प्रवक्ता शांति प्रसाद भट्ट, प्रदेश सचिव विजय गुनसोला, पूर्व जिलाध्यक्ष सूरज राणा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष दर्शनी रावत, सेवादल की आशी रावत, विक्रम, खुशी लाल आदि मौजूद रहे।




