अयोध्या/ वाराणसी। यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय को अयोध्या स्थित एक होटल में नजरबंद कर दिया गया। अजय राय के नेतृत्व में कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल चढ़ावा चोरी का विरोध करने पहुंचा था। उन्होंने आज यानी मंगलवार को मंदिर ट्रस्ट के कार्यालय का घेराव करने का ऐलान किया था।
वहीं वाराणसी से अजय राय की पत्नी रीना राय ने मंगलवार को एक वीडियो जारी कर सरकार से अपने पति की जान को खतरा बताया। रीना ने कहा कि विधि का उल्लंघन करते हुए योगी सरकार की पुलिस ने आधी रात को मेरे पति अजय राय को गिरफ़्तार कर लिया।
उन्होंने कहा कि अजय राय का दोष सिर्फ़ इतना था कि वे कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करते हुए भगवान श्रीराम के दर्शन के लिए जा रहे थे। परिवार को कोई सूचना नहीं दी गई है। हम सभी अत्यंत चिंतित और परेशान हैं। अजय राय की जान को खतरा है। पुलिस की इस तरह की कार्रवाई लोकतंत्र की हत्या है। (हि. स.)




