श्रीनगर। जम्मू कश्मीर के श्रीनगर के नौगाम पुलिस थाने में शुक्रवार देर रात हुए एक धमाका हो गया। इस घटना में नायब तहसीलदार सहित 9 लोगों की मौत हो गई और 29 अन्य घायल हो गए हैं।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि विस्फोट तब हुआ जब थाने के अंदर जब्त कर रखा गया विस्फोटक अचानक फट गया। उन्होंने बताया कि यह विस्फोटक हरियाणा के फरीदाबाद से नौगाम पुलिस थाने लाया गया अमोनियम नाइट्रेट था। जम्मू-कश्मीर पुलिस और फरीदाबाद पुलिस द्वारा डॉक्टरों के आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करने के बाद यह विस्फोटक ज़ब्त किया गया था।
घटना के बाबत जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात ने कहा कि जाँच के दौरान फरीदाबाद से बरामद भारी मात्रा में विस्फोटकों को मानक प्रक्रिया के तहत नौगाम पुलिस स्टेशन में सुरक्षित और संग्रहित किया गया है। बरामद सामग्री की संवेदनशील और अस्थिर प्रकृति के कारण नमूनाकरण और जाँच अत्यधिक सावधानी के साथ की जा रही है।
डीजीपी ने कहा कि सभी सावधानियों के बावजूद कल रात एक आकस्मिक विस्फोट हुआ जिसके परिणामस्वरूप 9 लोगों की दुखद मृत्यु हो गई और 29 अन्य घायल हो गए हैं। घटना के कारणों की जाँच जारी है। (हि.स.)
Read More: मप्र के सागर में भीषण सड़क हादसा, पुलिस के 4 जवानों की मौत, कंटेनर से टकराई गाड़ी




