कीव/वॉशिंगटन। रूस और यूक्रेन के बीच कई महीनों से जंग चल रहा है। ऐसे में अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन सोमवार को अचानक यूक्रेन की राजधानी कीव पहुंचे। यहां वे यूक्रेन के राष्ट्रपति वोल्दोमिर जेलेंस्की के साथ नजर आए। बाइडेन का यह दौरा चौंकाने वाला है। इसकी किसी को कानों-कान खबर नहीं हुई। दरअसल, शनिवार रात (भारत में रविवार तड़के) प्रेसिडेंट बाइडेन पोलैंड गए थे। यहां से वो एक घंटे का सफर करके ट्रेन के जरिए कीव पहुंच गए।
एक रिपोर्ट के मुताबिक, बाइडेन के कीव पहुंचने से पहले इस इलाके में नो-फ्लाई जोन बना दिया गया था। इस दौरान अमेरिकी मिसाइल शील्ड (पेट्रियट) एक्टिव मोड में थी। ‘कीव इंडिपेंडेंट’ के मुताबिक- पूरे कीव में सिर्फ यही खबर थी कि कोई बेहद खास शख्स राजधानी पहुंच रहा है। बाइडेन की विजिट के पहले कीव के तमाम रास्ते भी बंद कर दिए गए थे।
बाइडेन के आने का जरा भी अनुमान किसी को नहीं था। सिर्फ 22 मिनट पहले ही रूस के हवाई हमले का सायरन बजा था। इसलिए हर कोई अलर्ट पर था। चंद मिनट बाद ही एक ब्लैक शेवरले कार में बाइडेन नजर आए। बाइडेन की विजिट इसलिए भी अहम हो जाती है, क्योंकि महज 4 दिन बाद रूसी हमले को एक साल पूरा हो जाएगा। बाइडेन ने शनिवार को ही व्हाइट हाउस में साफ कर दिया था कि वो किसी भी सूरत में यूक्रेन का साथ नहीं छोड़ेंगे।
यूक्रेन पहुंचकर बाइडन ने युद्धग्रस्त देश को और मदद देने का एलान किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा है कि वह यूक्रेन को और भी ज्यादा और नए हथियार मुहैया कराएंगे। उन्होंने यूक्रेन की रक्षा के लिए एयर सर्विलांस रडार देने का एलान किया है।




