ढाका। बांग्लादेशी एक्ट्रेस नुसरत फारिया को गिरफ्तार कर लिया गया है। नुसरत को रविवार शाम हजरत शाहजलाल इंटरनेशनल एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया। यह गिरफ्तारी हत्या के प्रयास के मामले में की गई है। बता दें कि नुसरत फारिया ,शेख मुजीब उर रहमान की बायोपिक मुजीबः द मेकिंग ऑफ ए नेशन में शेख हसीना का किरदार निभा चुकी हैं।
मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक नुसरत फारिया ढाका से थाइलैंड के लिए रवाना होने वाली थीं, तभी उन्हें एयरपोर्ट के इमिग्रेशन चेक पॉइंट पर रोक लिया गया था और फिर पुलिस को सूचित किया गया। एक्ट्रेस के खिलाफ लंबे समय से गिरफ्तारी वारंट जारी है।
एक्ट्रेस को बांग्लादेश में सरकार के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान एक शख्स की हत्या करने के प्रयास के मामले में संलिप्तता के लिए गिरफ्तार किया गया है।
बीते साल बांग्लादेश में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान वातारा इलाके में एक छात्र की हत्या की कोशिश हुई थी। इस मामले में 2024 में नुसरत फारिया समेत 17 के खिलाफ शिकायत दर्ज हुई है।
बता दें कि ये मामला तब का है जब बांग्लादेश में शेख हसीना के खिलाफ जमकर विरोध हुआ था। हिंसा इतनी भड़क गई थी कि उन्हें इस्तीफा देकर जान बचाते हुए बांग्लादेश छोड़कर भागना पड़ा था। उनके देश छोड़ते ही हिंसा और भड़क गई थी और प्रदर्शनकारियों ने उनके घर में घुसकर सारा सामान लूट लिया था।
Read More: OTT पर धमाल मचाने आ रही है 'धुरंधर 2', जानें कब और कहां ऑनलाइन देख पाएंगे फिल्म




