नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा कि भाजपा सरकार ने पिछले 10 वर्षों में पूर्ववर्ती सरकारों की तुलना में डेढ़ गुना अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी हैं। उन्होंने कहा कि हमने भारत सरकार में भर्ती की प्रक्रिया को अब पूरी तरह पारदर्शी बना दिया है।
प्रधानमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नवनियुक्त युवाओं को 1 लाख से अधिक नियुक्ति पत्र वितरित करने के बाद संबोधित कर रहे थे। यह रोजगार मेला देशभर में 47 स्थानों पर आयोजित किया गया था।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने रिमोट का बटन दबाकर नई दिल्ली में इंटीग्रेटेड ट्रेनिंग कॉम्प्लेक्स ‘कर्मयोगी भवन’ के प्रथम चरण की आधारशिला भी रखी। प्रधानमंत्री ने विश्वास जताते हुए कहा कि इस नए ट्रेनिंग कॉम्प्लेक्स से क्षमता निर्माण की हमारी पहल को और मजबूती मिलेगी। यह परिसर मिशन कर्मयोगी के विभिन्न हिस्सों के बीच सहयोग और तालमेल को बढ़ावा देगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर सभी एक लाख से अधिक नवनियुक्त युवाओं और उनके परिवारों को सरकारी नौकरी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आपने अपनी कड़ी मेहनत से इस सफलता को हासिल किया है। रोजगार मेले राष्ट्र निर्माण में हमारी युवा शक्ति के योगदान को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार में युवाओं को नौकरी के अवसर उपलब्ध कराने का अभियान जोरों से जारी है। पहले की सरकारों में नौकरी के लिए विज्ञापन जारी होने से लेकर नियुक्ति पत्र देने तक बहुत लंबा समय लग जाता था। इस देरी का फायदा उठाकर उस दौरान रिश्वत का खेल भी जमकर होता था। हमने भारत सरकार में भर्ती की प्रक्रिया को अब पूरी तरह पारदर्शी बना दिया है।
उन्होंने कहा कि इससे प्रत्येक युवा को अपनी क्षमताएं प्रदर्शित करने के समान अवसर प्राप्त हुए हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज हर युवा का मानना है कि वे कड़ी मेहनत और कौशल के साथ अपनी नौकरी की स्थिति को मजबूत कर सकते हैं। इस बात पर प्रकाश डालते हुए कि सरकार युवाओं को राष्ट्र के विकास में भागीदार बनाने का प्रयास करती है। उन्होंने बताया कि वर्तमान सरकार ने पिछले 10 वर्षों में पिछली सरकारों की तुलना में डेढ़ गुना अधिक युवाओं को नौकरियां दी हैं।
सरकार के प्रयासों से नए क्षेत्रों के खुलने और युवाओं के लिए रोजगार व स्वरोजगार के अवसर पैदा होने की बात करते हुए प्रधानमंत्री ने बजट में 1 करोड़ रूफटॉप सोलर प्लांट लगाने की घोषणा का जिक्र किया, जिससे परिवारों का बिजली बिल कम होगा और वे ग्रिड को बिजली की आपूर्ति करके पैसा कमाने में सक्षम होंगे। उन्होंने कहा कि इस योजना से लाखों नई नौकरियां भी पैदा होंगी।
Read More: ICSE, ISC बोर्ड का रिजल्ट जारी, 10वीं में 98.18% तो 12वीं में 99% स्टूडेंट्स पास




