मुंबई। जेट एयरवेज एयरलाइन के संस्थापक नरेश गोयल की पत्नी और कंपनी की कार्यकारी उपाध्यक्ष अनीता गोयल का गुरुवार सुबह मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया है। वे लंबे समय से कैंसर से जूझ रही थीं।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अनीता गोयल का अंतिम संस्कार आज दिन में मुंबई में किया जाएगा। 2015 में अनिता गोयल जेट एयरवेज की गैर-कार्यकारी उपाध्यक्ष बनीं। इसके साथ ही वह निदेशक मंडल का हिस्सा भी रहीं। नरेश गोयल के परिवार में अब उनके दो बच्चे नम्रता और निवान गोयल हैं।
जेट एयरवेज के दिवालिया होने के बाद से नरेश गोयल मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। वे आखिरी वक्त में अपनी पत्नी के साथ थे। नरेश गोयल भी कैंसर से पीड़ित हैं। मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में गोयल को हाल ही में मेडिकल आधार पर दो महीने की अंतरिम जमानत मिली है।
बता दें कि जेट एयरवेज एक समय भारत की सबसे बड़ी प्राइवेट एयरलाइंस में से एक थी और एयरलाइन को साउथ एशियाई देशों की सबसे बड़ी प्राइवेट एयरलाइन का दर्जा हासिल था। फिर कर्ज में दबे होने के कारण जेट एयरवेज 17 अप्रैल 2019 में ग्राउंडेड (संचालन बंद) हो गई थी।
उस वक्त जेट एयरवेज पर केनरा बैंक का 538.62 करोड़ रुपए का लोन बकाया था। जेट एयरवेज ने 848.86 करोड़ रुपए की क्रेडिट लिमिट और लोन लिया था। तीन साल बाद 2021 में केनरा बैंक ने आरोप लगाया था कि जेट एयरवेज की फोरेंसिक ऑडिट में पाया गया कि जेट ने अपने से जुड़ी कंपनियों यानी 'रिलेटेड कंपनियों' को 1,410.41 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए। ऐसा कंपनी के अकाउंट से पैसा निकालने के लिए किया गया।
गोयल परिवार पर आरोप लगा कि उनके पर्सनल खर्च- जैसे स्टाफ की सैलरी, फोन बिल और व्हीकल एक्सपेंस, सब जेट एयरवेज के अकाउंट से ही होते थे।
Read More: ICSE, ISC बोर्ड का रिजल्ट जारी, 10वीं में 98.18% तो 12वीं में 99% स्टूडेंट्स पास




