लखनऊ । उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गुरुवार सुबह चलती एसी बस में आग लग गई। हादसे में 5 यात्रियों की जलकर मौत हो गई। मृतकों में मां-बेटी, भाई-बहन और एक युवक है। बस में करीब 80 यात्री थे। स्लीपर बस बिहार के बेगूसराय से दिल्ली जा रही थी।
पुलिस उपायुक्त दक्षिण निपुण अग्रवाल ने बताया कि बिहार के बेगूसराय से करीब 80 सवारियों को लेकर प्राइवेट स्लीपर बस दिल्ली जा रही थी। लखनऊ के किसान पथ पर लखनऊ-रायबरेली रोड, मोहनलालगंज के पास शार्ट सर्किट से बस में आग लग गई। आग लगने के बाद भी यह बस करीब एक किलोमीटर तक दौड़ती रही।
मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद लेकर राहत बचाव कार्य शुरू किया। दमकल की गाड़ियों ने करीब आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया। कांच को तोड़कर सभी सवारियों को बाहर निकाला गया। आग बुझाने के बाद जांच के लिए पुलिस बस के अंदर गयी तो उसमें पांच लोगों के जले हुए शव मिले। कुछ यात्री झुलस गये थे, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि बस हादसे में मरने वाले सभी यात्रियों की पहचान कर ली गई है। इनके नाम लख्खी देवी (55) उनकी बेटी सोनी (26), मधुसूदन (21) और देवराज (03) व साक्षी (02) है। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।
Read More: लखनऊ के गोमती नगर में निर्माणाधीन इमारत गिरी, मजदूर दबे, एक की मौत




