गाजियाबाद । उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के गौर ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी में बुधवार सुबह एक फ्लैट में भीषण आग लग गई। आग की लपटों ने देखते ही देखते पूरी सोसाइटी में हड़कंप मचा दिया। आग की लपटें इतनी ऊंची है कि आसमान में काले धुएं का गहरा गुबार छा गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए बचाव कार्य शुरू कर दिया।
मुख्य दमकल अधिकारी गाजियाबाद राहुल पाल ने बताया कि सुबह के समय जब लोग अपने रोज के कार्यों में व्यस्त थे, तभी सोसाइटी के एक फ्लैट से धुआं और आग की लपटें निकलने लगीं। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
आग 9वीं से 13वीं मंजिल तक फैली है। उन्होंने बताया कि लोगों द्वारा पुलिस और दमकल विभाग को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग की भयावहता को देखते हुए तुरंत मोर्चा संभाला। अग्निशमन विभाग के कर्मचारी आग को फैलने से रोकने और उसे बुझाने के लिए प्रयास कर रहे हैं। आग इतनी भयानक है कि दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से देखा जा सकता है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। राहत की बात ये है कि अभी तक इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। पुलिस और फायर विभाग की टीम पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है है। (हि.स.)
Read More: PM मोदी ने UP के सबसे लंबे गंगा एक्सप्रेस-वे का किया उद्घाटन, कहा-इसे हरिद्वार से भी जोड़ेंगे




