img

अयोध्या। रामनगरी अयोध्या के पूरा कलंदर थाना क्षेत्र में तेज धमाके के बाद एक मकान पूरी तरह ढह गया। धमाके की गूंज एक किमी दूर तक सुनाई दी। मलबा 200 मीटर दूर तक बिखर गया।

मकान के मलबे में दबकर पिता, दो बेटे, एक बेटी और साली की मौत हो गई। पिता के चीथड़े उड़ गए थे। वहीं, पत्नी लापता है।

घटना की जानकारी मिलते ही अधिकारी और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के घरों को खाली कराया और लोगों से घटनास्थल से दूर रहने की अपील की है।

पुलिस ने शवों को मलबे से बाहर निकाल लिया है। अन्य लोगों के दबे होने की आशंका में JCB से मलबा हटाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जिस घर में धमाका हुआ है, वहां फटा कुकर और सिलेंडर मिला है। एक साल पहले भी गांव में धमाका हुआ था, जिसमें तीन लोगों की मौत हुई थी।

शासन का कहना है- अयोध्या में घटना पटाखा विस्फोट की न होकर LPG सिलेंडर फटने की प्रतीत हो रही है। डीएम और एसपी मौके पर पहुंचे और जांच की। CM योगी ने पैनी नजर रखने के निर्देश दिए हैं।

बीते 4 दिनों में अयोध्या में दूसरी बार विस्फोट हुआ है। इससे पहले 5 अक्टूबर को बीकापुर कोतवाली से महज 500 मीटर की दूरी पर धमाका हुआ था। धमाके से एक युवक की मौत हो गई थी। जबकि 2 गंभीर रूप से घायल हो गए थे।


Read More: लखनऊ के गोमती नगर में निर्माणाधीन इमारत गिरी, मजदूर दबे, एक की मौत