लखनऊ। उत्तर प्रदेश के नगर निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शानदार प्रदर्शन किया है। पार्टी सभी 17 नगर निगमों पर कब्जा जाम कर है। उसके सभी मेयर प्रत्याशी चुनाव जीत गए हैं। इस चुनाव में विपक्षी दलों को बड़ा झटका लगा है। समाजवादी पार्टी (सपा), बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और कांग्रेस का एक भी मेयर प्रत्याशी चुनाव नहीं जीत सका ।
इससे पहले वर्ष 2017 में हुए निकाय चुनाव में भाजपा ने नगर निगम की 16 सीटों में से 14 पर कब्जा किया था। उस बार अलीगढ़ और मेरठ नगर निगम की सीटें बसपा के खाते में गई थीं।
इस बार के निकाय चुनाव में शाहजहांपुर के नगर निगम बनने से महापौर सीटों की संख्या 17 हो गई। भाजपा ने क्लीन स्वीप करते हुए नगर निगम की सभी 17 सीटों को जीतने में सफल रही। बसपा, सपा और कांग्रेस सहित अन्य दल खाता खोलने को तरसते रह गये।
हालांकि नगर निगम महापौर की सभी सीटों के चुनाव नतीजों की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है लेकिन अब तक मतगणना के जो आंकड़े मिले हैं, उनके अनुसार महापौर की हर सीट पर भाजपा उम्मीदवार अन्य दलों के उम्मीदवारों से काफी आगे हैं।
मतगणना केंद्रों से लगातार मिल रहे आकड़ों के अनुसार भाजपा नगर निगमों के अलावा नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों में भी काफी बढ़त बनाए हुए है। पार्टी कार्यकर्ता प्रदेश भर में जीत का जश्न मना रहे हैं।
उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में आज सुबह आठ बजे से नगरीय निकाय के लिए मतगणना का कार्य जारी है। 17 नगर निगम, 199 नगर पालिका परिषद और 544 नगर पंचायत समेत कुल 760 सीटों के लिए प्रदेश भर में 353 मतदान केंद्रों पर वोटों की गिनती हो रही है।
भाजपा के प्रदेश कार्यालय पर जश्न
उत्तर प्रदेश के निकाय चुनावों में प्रचण्ड जीत की तरफ बढ़ रही भाजपा के प्रदेश कार्यालय पर जश्न का माहौल है। पार्टी के कार्यकर्ताओं से लेकर प्रदेश के शीर्ष नेता भाजपा कार्यालय पहुंच रहे हैं।
Read More: लखनऊ के गोमती नगर में निर्माणाधीन इमारत गिरी, मजदूर दबे, एक की मौत




