img

जोधपुर। राजस्थान के जोधपुर शहर में धोखधड़ी का बड़ा मामला सामने आया है। चौपासनी हाउसिंग बोर्ड स्थित सेक्टर 21ई में रहने वाली एक युवती से साथ में काम करने वाले युवक, उसके बहनोई और पिता ने शेयर बाजार में रुपये लगाने और मोटा मुनाफा दिलाने का लालच देकर साढे सोलह लाख रुपये ऐंठ लिए। पीडि़ता ने अब कोर्ट की शरण लेकर इस्तगासे के मार्फत धोखाधड़ी में केस दर्ज करवाया है। पुलिस ने अब इसमें अग्रिम पड़ताल आरंभ की है।

चौहाबो पुलिस ने बताया कि सेक्टर 21 ई 178 में रहने वाली कृतिका पुत्री रमेश शर्मा की तरफ से मामला दर्ज करवाया गया। इसमें बताया कि वह विक्टोरिया एनक्लेव मे काम करती है। साल 2008 में वह रेणु कम्युनिकेशन में काम करती थी। तब वहां काम करने वाले मदेरणा कॉलोनी भदवासिया हाल जनता कॉलोनी कुड़ी निवासी हर्ष गौड़ से पहचान हो गई थी। तब हर्ष गौड़ और उसके बहनोई जनता कॉलोनी निवासी सूर्यप्रकाश व्यास ने उसे बताया कि वह लोग शेयर बाजार में पैसा लगाते है। जिससे 30-40 फीसदी मुनाफा होता है।

इसके लिए उससे शेयर बाजार में मुनाफे का लालच देकर 16.5 लाख रुपये लगवाए गए। मगर बाद में ना तो लाभांश दिया गया और ना ही दी गई रकम को लौटाया। पीडि़ता ने आरोपित हर्ष गौड़ के पिता को इसमें नामजद कर धोखाधड़ी में रिपोर्ट दी है। पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज किया गया है। जिसकी अग्रिम जांच की जा रही है।
 


Read More: बंगाल के आसनसोल में लाउडस्पीकर को लेकर बवाल,पुलिस टीम पर हमला, थाने में तोड़फोड़