img

अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अयोध्या में श्री राम कथा पार्क में आयोजित एक भव्य समारोह में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम युवा) के तहत अयोध्या मंडल के 1,148 युवा उद्यमियों को 47 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया।

इस दौरान उन्होंने युवा उद्यमियों के स्टार्टअप की प्रदर्शनी का उद्घाटन और अवलोकन भी किया। अयोध्या मंडल से आए युवाओं को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा अयोध्या मंडल को आत्मनिर्भर बनाने में योगदान देगा, जो आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश और आत्मनिर्भर भारत का आधार बनेगा। उन्होंने युवाओं से धैर्य और निष्ठा के साथ अपने उद्यम को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

सीएम योगी ने कहा कि यूपी का युवा पहले अपनी पहचान छुपाता था, आज वही अपना उद्यम स्थापित कर रहा है। यह वही उत्तर प्रदेश है जहां पहले उद्यम नहीं लगते थे, आज नए-नए उद्यम भी लग रहे हैं और हमारा युवा भी अपना उद्यम लगाने के लिए तैयार हो रहा है। सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश की आर्थिक प्रगति पर गर्व जताते हुए कहा कि पिछले 8 वर्षों में राज्य की अर्थव्यवस्था 12.75 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 27.51 लाख करोड़ रुपये हो गई है, जो दोगुने से अधिक की वृद्धि है। प्रति व्यक्ति आय भी 45,000 रुपये से बढ़कर लगभग 1 लाख रुपये हो गई है।

उन्होंने कहा कि हर सेक्टर में अभूतपूर्व विकास हुआ है। पहले उपद्रव होते थे, अब उत्सव मनाए जा रहे हैं। अयोध्या, काशी, प्रयागराज, विंध्यवासिनी धाम, चित्रकूट और नैमिषारण्य में उत्सवों का माहौल रहा। सीएम योगी ने कहा कि सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (MSME) को 5 लाख रुपये तक की सुरक्षा बीमा दी जा रही है, और जीएसटी रजिस्ट्रेशन पर 10 लाख रुपये की बीमा दी जा रही है। (हि.स.)


Read More: UP Board Result Lucknow: 10वीं में अद्रिजा और आरोही, 12वीं में सुभान अली लखनऊ के टॉपर