मुंबई। ईद के मौके पर रिलीज हुई बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान की फिल्म सिकंदर का हाल काफी बुरा चल रहा है। छह दिन में फिल्म 100 करोड़ का आंकड़ा भी नही छू सकी है। 200 करोड़ में बनीं सिकंदर का अपनी लागत निकाल पाना भी मुश्किल लग रहा है।
एआर मुरुगादॉस द्वारा निर्देशित फिल्म 'सिकंदर' पहले दिन 26 करोड़ रुपये, दूसरे दिन 29 करोड़ रुपये और तीसरे दिन 19.5 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। चौथे दिन इसका कारोबार गिरकर 9.75 करोड़ रुपये, और पांचवें दिन 6 करोड़ रुपये तक सिमट गया। अब फिल्म के छठे दिन की कमाई के शुरुआती आंकड़े सामने आ गए हैं। सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, 'सिकंदर' ने छठे दिन लगभग 3.75 करोड़ रुपये का बिजनेस किया है।
'सिकंदर' की छह दिनों की कुल कमाई अब 94 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। हैरानी की बात यह है कि फिल्म ने रिलीज़ के छह दिन पूरे कर लिए हैं, लेकिन अब तक भारत में 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार नहीं कर पाई है। ऐसे में फिल्म के लिए 100 करोड़ क्लब में शामिल होना भी एक चुनौती बनता जा रहा है। उधर, 200 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म को लेकर निर्माता भी चिंतित हैं कि आखिर यह फिल्म अपना खर्च कैसे निकालेगी और मुनाफा कैसे कमाएगी।
फिल्म 'सिकंदर' में सलमान खान के अलावा रश्मिका मंदाना, काजल अग्रवाल, शरमन जोशी और प्रतीक बब्बर भी अहम भूमिकाओं में हैं। साथ ही फिल्म 'बाहुबली' में कटप्पा का किरदार निभाने वाले एक्टर सत्यराज विलेन के किरदार में नजर आ रहे हैं।
Read More: OTT पर धमाल मचाने आ रही है 'धुरंधर 2', जानें कब और कहां ऑनलाइन देख पाएंगे फिल्म




