लखनऊ । उत्तर प्रदेश में मौसम अपना मिजाज बदलने लगा है। देर रात पश्चिम के 3 शहरों में ओले गिरे। कई जगह तेज बारिश हुई। मेरठ में रात में करीब आधे घंटे तक ओले गिरे। सड़कों, छतों और खेतों में सफेद चादर बिछ गई।
मेरठ से सटे हापुड़ शहर में भी यही हाल रहा। हापुड़ में भी रात को बारिश के साथ 15 मिनट तक बेर के आकार के ओले गिरे। इसके अलावा, बुलंदशहर में भी तड़के बारिश के साथ ओले गिरे। वहीं, गाजियाबाद, सहारनपुर, उन्नाव समेत यूपी के कई जिलों में शुक्रवार सुबह से बारिश हो रही है।
इससे अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। गुरुवार की अपेक्षा शुक्रवार को प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने प्रदेश के 35 शहरों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।




