नई दिल्ली। वक्फ संशोधन बिल पर विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है। संसद के दोनों सदनों लोकसभा और राज्यसभा से पास हो जाने के बाइ इस बिल को मंजूरी के लिए राष्ट्रपति के पास भेजा गया है। उनकी सहमति के बाद यह कानून बन जाएगा। हालांकि इस बिल के खिलाफ कांग्रेस समेत कुछ विपक्षी पार्टियां और मुस्लिम संगठन सुप्रीम कोर्ट पहुंच गए हैं।
शनिवार को आम आदमी पार्टी (AAP) विधायक अमानतुल्लाह खान ने बिल के विरोध में सुप्रीम कोर्ट में याचिका लगाई है। इससे पहले शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट में दो याचिका लगाई गई। बिहार के किशनगंज से कांग्रेस सांसद मोहम्मद जावेद और AIMIM सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने यह याचिका लगाई।
वक्फ संशोधन बिल पर 2 और 3 अप्रैल को लोकसभा-राज्यसभा में 12-12 घंटे चर्चा हुई थी। इसके बाद केंद्र सरकार ने इसे पास करा लिया। राज्यसभा से बिल पास होने के बाद कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने कहा था कि हम सुप्रीम कोर्ट जाएंगे। तमिलनाडु की DMK ने भी याचिका लगाने की बात कही थी।
इधर, वक्फ बिल का समर्थन करने के बाद बीजेपी के सीनियर लीडर और पूर्व मंत्री शाहनवाज हुसैन को धमकियां मिल रही है। उन्हें फोन कर जान से मारने की धमकी दी जा रही है। सोशल मीडिया पर भी लगातार धमकाया जा रहा है।




