मुंबई। बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान को फिर एक बार जान से मारने की धमकी मिली है। अज्ञात शख्स ने वर्ली परिवहन विभाग के वॉट्सऐप नंबर पर मैसेज कर सलमान खान की कार को बम से उड़ाने की बात कही।
रविवार देर रात भेजे गए इस मैसेज में लिखा है- हम सलमान खान को घर में घुसकर मारेंगे। साथ ही मैसेज भेजने वाले ने सलमान की कार को बम से उड़ाने की भी धमकी दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पिछले साल 14 अप्रैल को सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट में फायरिंग हुई थी।
इस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग ने ली थी। इस केस में पुलिस ने 7 लोगों को गिरफ्तार किया था। इनमें से 2 को जमानत मिल चुकी है और एक आरोपी ने खुदकुशी कर ली है।
बता दें कि साल 2023 में लॉरेंस गैंग से धमकी मिलने के बाद ही सलमान की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। उन्हें महाराष्ट्र सरकार की तरफ से Y+ कैटेगरी की सुरक्षा मिली हुई है। 11 जवान हर समय साथ रहते हैं, इसमें एक या दो कमांडो और 2 PSO भी शामिल होते हैं।
Read More: दिलजीत दोसांझ की फिल्म 'सतलुज' ओटीटी से हटाई गई, दो दिन पहले ही जी5 पर रिलीज हुई थी




