नई दिल्ली। दिल्ली के शालीमार बाग से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विधायक रेखा गुप्ता ने आज दिल्ली की नौवीं मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण की। दिल्ली के रामलीला मैदान में उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने उन्हें शपथ दिलाई। भाजपा ने 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी की है।

उपराज्यपाल ने रेखा गुप्ता के बाद प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंजदर सिंह सिरसा, रविंदर सिंह इंद्राज, कपिल मिश्रा और पंकज सिंह को मंत्री पद शपथ दिलाई।
इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह एवं सहकारितामंत्री अमित शाह सहित कई कैबिनेट मंत्री मौजूद रहे। रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री बनी हैं। शपथ ग्रहण समारोह में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीयमंत्री ललन सिंह, बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी व अन्य नेता भी मौजूद रहे।
सीएम योगी ने दी बधाई
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा है कि उत्तर प्रदेश के वित्तीय वर्ष 2025-2026 के बजट प्रस्तुतीकरण में व्यस्तता के कारण दिल्ली मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में सम्मिलित नहीं हो पाया। रेखा गुप्ता को दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर मेरी ओर से हृदयतल से बधाई व शुभकामनाएं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पूर्ण विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के यशस्वी मार्गदर्शन व आपके कुशल नेतृत्व में राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली डबल इंजन की भाजपा सरकार की लोक-कल्याणकारी नीतियों के साथ समग्र विकास की नई ऊंचाइयों को स्पर्श करते हुए सुरक्षा, सुव्यवस्था और सुशासन के आदर्श मानक स्थापित करेगी। पुनश्च शुभकामनाएं हैं।
Read More: Uttarakhand Board Result: 10वीं में अक्षत गोपाल, 12वीं में गीतिका पंत और सुशीला मेंहदीरत्ता टॉपर




