img

प्रयागराज। मौनी अमावस्या पर संगम तट पर बीती देर रात भगदड़ मच गई। इसमें 14 लोगों की मौत की खबर है ,हालांकि, प्रशासन ने मौत या घायलों की संख्या को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है। भगदड़ के बाद प्रशासन के अनुरोध पर सभी 13 अखाड़ों ने मौनी अमावस्या का अमृत स्नान रद्द कर दिया था। इसके बाद अखाड़ों ने बैठक की। जिसमें तय हुआ कि 10 बजे के बाद अमृत स्नान करेंगे।

लोग लाशों के बीच अपनों को तलाशते दिखाई दिए।

उधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से 4 बार फोन पर बात की और घटना की जानकारी ली। अब अफसर हेलिकॉप्टर से महाकुंभ की निगरानी कर रहे हैं। हादसे पर सीएम योगी ने कहा- हालात नियंत्रण में हैं। किसी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें।

संगम में स्नान का आग्रह छोड़ दें: स्वामी रामभद्राचार्य 

स्वामी रामभद्राचार्य ने महाकुम्भ में आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की कि वे सभी संगम में स्नान का आग्रह छोड़ दें और निकटतम घाट पर स्नान करें। लोग अपने शिविर से बाहर न निकलें। अपनी और एक दूसरे की सुरक्षा करें। उन्होंने वैष्णव सम्प्रदाय के प्रमुख संत की हैसियत से सभी अखाड़ों और श्रद्धालुओं से अफवाहों से बचने का आह्वान किया।

मेडिकल स्टाफ के साथ पुलिस के जवान घायलों और डेडबॉडी का रेस्क्यू करने में जुटे रहे।

बाबा रामदेव बोले- सावधानी पूर्वक स्नान करें

बाबा रामदेव ने कहा है कि करोड़ों श्रद्धालुओं के इस हुजूम को देखते हुए हमने फिलहाल केवल सांकेतिक स्नान किया है। इसके साथ ही समूचे राष्ट्र और विश्व के कल्याण की कामनाा की गई है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि हम भक्ति के अतिरेक में न बहें और आत्म अनुशासन का पालन करते हुए सावधानी पूर्वक स्नान करें। वहीं जूना अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरी ने भी कहा कि हमने फिलहाल सांकेतिक स्नान किया है।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा सबसे ज्यादा जरूरी

अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रविन्द्र पुरी ने बताया कि इस वक्त 12 करोड़ से अधिक श्रद्धालु प्रयागराज में हैं। इतनी बड़ी तादाद में भीड़ को कंट्रोल करना मुश्किल होता है। हमारे साथ लाखों की संख्या में संतों का हुजूम है। हमारे लिए श्रद्धालुओं की सुरक्षा सबसे ज्यादा जरूरी है।

 मल्लिकार्जुन खरगे ने महाकुंभ में हुई भगदड़ पर दुख जताया

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रयागराज महाकुंभ में भगदड़ के दौरान हुए हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा, कुछ लोगों की असमय मृत्यु और कई लोगों के घायल होने का समाचार हृदयविदारक है।

कांग्रेस नेता खरगे ने एक्स पोस्ट में श्रद्धालुओं के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना जताते हुए घायलों के जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। उन्होंने कहा कि अभी कई महत्वपूर्ण स्नान शेष हैं। इसके लिए व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, जिससे ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से पीड़ितों की हर संभव मदद का आह्वान किया है।

 


Read More: यूपी के मऊ में दर्दनाक हादसा, दूसरी लेन में घुसी स्कॉर्पियो, ट्रेलर से टकराई, 5 की मौत