अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में दिल दहला देने वाली घटना घटी। यहां एक पति ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए पहले पत्नी की बांके गला काटकर हत्या की फिर अपने 5 साल के मासूम को जान से मारकर फरार हो गया। घटना कोतवाली नगर के देवकाली चौकी अंतर्गत शिवनगर कालोनी के पीछे जंगल में झुग्गियों में हुई। उक्त परिवार असम का रहने वाला बताया जा रहा है, वह कबाड़ बीनने का काम करता था।
पुलिस के अनुसार असम के बरबटा जिले के रहने वाले शहजान खंडकर ने शुक्रवार-शनिवार की रात अपनी पत्नी नेशिया बेगम व पांच वर्षीय बच्चे सहादकर खेडकर की हत्या कर दी। घटना की जानकरी शनिवार उस समय हुई जब उसका बड़ा बेटा नेबुतुल्ला (10) घर में आया तो उसने अपनी मां व भाई को जमीन पर पड़ा देखा। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंचे एसपी सिटी मधुबन सिंह, सीओ सिटी शैलेंद्र सिंह, नगर कोतवालली अश्विनी पांडेय ने घटनास्थल की जांच की। मौके से हत्या में प्रयुक्त हथियार नहीं मिला।
सीओ के अनुसार पति ने पहले बेटे की गला दबाकर हत्या की, उसके बाद पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर उसे भी मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद वह फरार हो गया, उसकी तलाश की जा रही है। हत्या के कारणों का पता किया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक उक्त स्थान पर करीब तीन साल से असम के रहने वाले एक विशेष समुदाय के 21 परिवार झुग्गियां बनाकर रहते हैं, सभी कबाड़ बीनने का काम करते हैं। उक्त जमीन विवादित बताई जाती है, एक पक्ष ने उक्त जमीन इन्हें किराए पर दे रखा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सभी परिवार के बांगलादेशी होने की संभावना है, इसकी कई बार पुलिस से शिकायत भी की गई लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। घटना के बाद पुलिस अब सभी परिवारों की जांच पड़ताल में जुट गई है।
Read More: UP Board Result Lucknow: 10वीं में अद्रिजा और आरोही, 12वीं में सुभान अली लखनऊ के टॉपर




