मुंबई। बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान के पिता सतीश सालियान ने दिशा की मौत की नए सिरे से जांच की मांग की है। इसके लिए उन्होंने बुधवार को बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका दायर की।
याचिका में शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे के खिलाफ FIR दर्ज करने और जांच CBI को सौंपने का आग्रह किया गया है। आरोप लगाया गया है कि दिशा के साथ गैंगरेप के बाद उसकी हत्या की गई थी।
8 जून, 2020 को मुंबई के मलाड इलाके की 14वीं मंजिल से गिरकर दिशा की मौत हो गई थी। पुलिस ने इसे आत्महत्या बताया था। उस समय दिशा के पिता ने जांच को संतोषजनक माना था।
भाजपा नेता नितेश राणे ने तीन साल पहले दिशा से गैंगरेप के बाद उनकी हत्या का आरोप लगाया था। हालांकि, दिशा में माता-पिता ने बेटी को बदनाम करने की साजिश कहते हुए नितेश पर केस दर्ज कराया था।
अब दिशा के पिता का कहना है कि उन्हें नजरबंद करके पुलिस के पेश सबूतों को सच मानने के लिए मजबूर किया गया था। याचिका में सूरज पांचोली, डिनो मोर्या और मुंबई पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
दिशा के पिता की याचिका के बाद महाराष्ट्र में राजनीति तेज हो गई है। कैबिनेट मंत्री नितेश राणे ने कहा, 'आदित्य ठाकरे को विधायक पद से इस्तीफा दे देना चाहिए और जांच का सामना करना चाहिए।'
Read More: 'ताल 2' से कटा ऐश्वर्या राय, अक्षय खन्ना और अनिल कपूर का पत्ता, सुभाष घई का खुलासा




