img

देहरादून। उत्तराखंड की चार धाम यात्रा आज से शुरू हो गई है। केदारनाथ के कपाट सुबह 6:55 बजे और यमुनोत्री के कपाट सुबह 10:29 बजे खोले गए। दोपहर 12:25 बजे गंगोत्री धाम के कपाट खोले जाएंगे। जबकि बद्रीनाथ मंदिर में दर्शन 12 मई से होंगे।

केदारनाथ के कपाट मंदिर के कपाट खुलने के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उनकी पत्नी गीता धामी बाबा केदारनाथ के दर्शन के लिए मौजूद रहे।



इससे पहले आज सुबह मुख्यमंत्री ने इस संबंध में एक्स हैंडल पर लिखा-''जय बाबा केदार! आप सभी भक्तजनों का चारधाम यात्रा 2024 में हार्दिक स्वागत और अभिनंदन। आप सभी से अनुरोध है कि यात्रा के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग करने से बचें। हमारी सरकार द्वारा चारधाम आने वाले बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।''

उन्होंने लिखा है, ''आज अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर श्री केदारनाथधाम, श्री यमुनोत्रीधाम एवं श्री गंगोत्रीधाम के कपाट पूर्ण विधि-विधान के साथ दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। आप समस्त श्रद्धालुओं का चारधाम यात्रा हेतु हार्दिक स्वागत एवं अभिनन्दन !'' एक अन्य एक्स पोस्ट में कल शाम उन्होंने कहा, ''केदारपुरी है तैयार, जय श्री केदार !''

 


Read More: Uttarakhand Board Result: 10वीं में अक्षत गोपाल, 12वीं में गीतिका पंत और सुशीला मेंहदीरत्ता टॉपर