लखनऊ । पारा के बुद्धेश्वर में स्थित निर्वाण आश्रय केंद्र में 4 बच्चों की मौत हो गई। इनमें 2 बच्चियां हैं। यहां के 35 बच्चों को उल्टी-दस्त होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया। 20 बच्चों की हालत अभी भी गंभीर है। बच्चों की मौत की जानकारी मिलते ही प्रशासन में हडकंप मच गया।
बुधवार रात 8 बजे डीएम विशाख जी. और सीएमओ डॉ.एनबी सिंह लोकबंधु हास्पिटल पहुंचे। डीएम ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। गुरुवार सुबह 9 बजे कमिश्नर रोशन जैकब, प्रमुख सचिव लीना जौहरी और एक बार फिर डीएम लोकबंधु हॉस्पिटल पहुंचे। बच्चों से बातचीत की। आश्रय केंद्र के पानी की जांच करने के आदेश दिए।
बच्चों के बीमार होने की शुरुआती वजह फूड पॉइजनिंग बताई जा रही है। लोकबंधु अस्पताल के CMS डॉ. राजीव दीक्षित ने बताया कि बच्चों में पानी की कमी थी। सभी में डायरिया के लक्षण मिले हैं।
निर्वाण आश्रय केंद्र पारा इलाके के बुद्धेश्वर में बना हुआ है। यह सरकार की मदद से पीपीपी मॉडल पर संचालित है। यहां मानसिक कमजोर यानी विमंदित अनाथ बच्चों को रखा जाता है।
जिलाधिकारी ने बताया कि खाद्य सुरक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग की एक कमेटी बनाकर पुनर्वास केन्द्र भेजा गया है। पुनर्वास केन्द्र में कुल 147 बच्चें है, जिसमें सभी मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं। इन बच्चों में तबियत बिगड़ने पर बीमार बच्चे अस्पताल भेज गये थे। वहीं केन्द्र पर सात बच्चें ऐसे है, जिन्हें स्वास्थ्य दिक्कते हैं। इन बच्चों को कमेटी के चिकित्सक देख रहे हैं।
मंडलायुक्त रोशन जैकब भी लोकबंधु अस्पताल पहुचीं। उन्होंने बच्चों को देखा और चिकित्सा अधीक्षक डा.राजीव दीक्षित से वार्ता की। उन्होंने कहा कि बच्चों का बेहतर उपचार करने के लिए कहा गया है। मंगलवार को विषाक्त भोजन करने की घटना के बाद से ये सभी बच्चे बीमार हुए थे और इन्हें आनन फानन में लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ये दुखद घटना है।
Read More: UP Board Result Lucknow: 10वीं में अद्रिजा और आरोही, 12वीं में सुभान अली लखनऊ के टॉपर




