लखनऊ । कन्या भ्रूण हत्या व लिंग चयन की रोकथाम के लिए केन्द्र सरकार द्वारा प्रख्यापित गर्भधारण पूर्व एवं प्रसव पूर्व निदान तकनीक (लिंग चयन प्रतिषेध) अधिनियम-1994 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए गुरुवार को राज्यस्तरीय अभिमुखीकरण कार्यशाला हुई।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के सहयोग से आयोजित हुई इस कार्यशाला में केंद्रीय संयुक्त सचिव मीरा श्रीवास्तव ने आधुनिक तकनीकों के दुरुपयोग की रोकथाम पर बल देते हुए कहा कि ऐसे मोबाइल एप्लीकेशन बेस्ड पोर्टेबल उपकरणों पर प्रभावी अनुश्रवण के लिए ठोस रणनीति विकसित कर प्रभावी कार्यवाही किए जाने की आवश्यकता है।
सचिव, चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण/मिशन निदेशक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन डा0 पिंकी जोवेल ने लिंगानुपात के असन्तुलन के कारण जन्म लेने वाली सामाजिक समस्याओं पर बात की। उन्होंने भारतीय संस्कृति में नारी सशक्तीकरण व नारी वन्दन के महत्व का उल्लेख करते हुए वर्तमान बदलते परिदृश्य में महिला सशक्तीकरण के लिए इस अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन की आवश्यकता पर बल दिया।
मिशन निदेशक ने कहा कि इसके लिए अंतरजनपदीय निरीक्षण किए जाने की आवश्यकता है, साथ ही अन्य राज्यों की सीमा से लगे प्रदेश के जनपदों व उन राज्यों के समुचित प्राधिकारियों व मिशन निदेशक के साथ समन्वय स्थापित कर अंतरराज्यीय कोआर्डिनेशन समिति का गठन करते हुए आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
राज्य नोडल अधिकारी, डा0 अश्विनी कुमार ने देश/प्रदेश के लिंगानुपात (जन्म पर) के साथ-साथ प्रदेश में अधिनियम के क्रियान्वयन की प्रगति के विषय में जानकारी दी। कार्यशाला में डा0 पदमिनी कश्यप, उपायुक्त, पीसीपीएनडीटी, भारत सरकार व डा. इन्द्रनील दास, निदेशक, पीसीपीएनडीटी, डा0 सुषमा सिंह, महानिदेशक, परिवार कल्याण/अध्यक्ष, राज्य समुचित प्राधिकरण, पीसीपीएनडीटी अधिनियम, 1994 एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन से डा. रवि दीक्षित, महाप्रबन्धक, मातृत्व स्वास्थ्य एवं डा0 सूर्यांशु ओझा, बाल स्वास्थ्य व परिवार नियोजन ने भाग लिया।
कार्यशाला में मुम्बई से आईं अनुजा गुलाटी, प्रतिनिधि यूएनएफपीए ने भी विचार व्यक्त किए। कार्यशाला में प्रदेश के समस्त मण्डलों/जनपदों से मण्डलीय/नोडल अधिकारियों व मण्डलीय/जनपदीय पीसीपीएनडी प्रकोष्ठ के कर्मचारियों ने भी प्रतिभाग किया। जनपदों से आईएमए, फॉग्सी व रेडियोलॉजी एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ-साथ जनपदीय सलाहकार समिति के सदस्यों ने भी प्रतिभाग किया।
Read More: NEET की नई तारीख का ऐलान, 21 जून को दोबारा परीक्षा होगी




