ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले में एक महिला से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। होटल रमाया के संचालक ने अपने क्रशर कारोबारी दोस्त के साथ मिलकर महिला से गैंगरेप कर दिया। घटना बुधवार को सिटी सेंटर बलवंत नगर की है। आरोपियों ने महिला को एक फ्लैट में बंधक बनाकर रखा था। उसने वहां से भागकर पुलिस में शिकायत की। महिला ने पुलिस को बताया कि वह काम की तलाश में थी। इसी दौरान काम दिलाने का कहकर होटल संचालक उसे फ्लैट में ले गया था।
होटल संचालक का दोस्त गिरफ्तार
पुलिस ने होटल संचालक के दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि ग्वालियर के खुरैरी बड़ागांव में रहने वाली 32 साल की महिला ने विश्वविद्यालय थाना पहुंचकर शिकायत की है। उसने होटल रमाया के संचालक रामनिवास शर्मा और उसके दोस्त अमित मिश्रा पर बंधक बनाकर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। गुरुवार को पीड़िता के कोर्ट में बयान भी हो गए हैं।
होटल में कीपिंग का देने के बहाने की दरिंदगी
महिला ने बताया कि उसकी फाइनेंशियल कंडीशन ठीक नहीं है। जान-पहचान वाले ने काम के लिए रमाया होटल के संचालक और उसके क्रशर कारोबारी दोस्त से मिलवाया था। तब उन्होंने कहा था कि होटल में हाउस कीपिंग का काम दे देंगे। बुधवार को जान-पहचान वाले ने उसे एसपी बंगले के सामने बुलाया। बताया होटल संचालक आ रहे हैं, काम दे देंगे। दोपहर 12.47 बजे होटल संचालक बोलेरो से आया और साथ चलने को कहा। बोला- तुम्हें ऑफिस दिखा देता हूं। वह गाड़ी में बैठ गई।
होटल संचालक ने भी किया रेप
विश्वविद्यालय थाना प्रभारी संतोष मिश्रा के मुताबिक, महिला ने बताया कि आरोपी होटल संचालक उसे बलवंत नगर मकान नंबर-59 में लेकर पहुंचा। यह घर अमित मिश्रा का था। उसने दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और धमकाकर रेप किया। इसके बाद होटल संचालक ने भी रेप किया। अमित ने दोबारा उसके साथ ज्यादती की। इसके बाद होटल संचालक चला गया। अमित नहाने गया तो वह वहां से भाग निकली। इसके बाद आरोपियों ने उसे फोन पर धमकाया।