लखनऊ। corona test up: उत्तर प्रदेश के कोरोना महामारी के बढ़ते मामलों को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा आदेश दिया है। प्रदेश में अब रोज डेढ़ लाख टेस्ट लोगों की कोरोना जांच की जाएगी।
मुख्यमंत्री मंगलवार को टीम-9 के साथ बैठक में अधिकारियों को निर्देश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि कोविड पॉजिटिव मिल रहे लोगों से सतत संवाद-संपर्क बनाते हुए उनके उपचार की सभी जरूरी व्यवस्था कराई जाए। ज्यादातर लोगों को होम आइसोलेशन की ही आवश्यकता पड़ रही है, उन्हें कोविड आइसोलेशन प्रोटोकॉल की पूरी जानकारी दी जाए। इससे पहले बीते 24 घंटे के भीतर गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद में क्रमशः 126 और 30 नए केस पाए गए।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि नियोजित प्रयासों से इंसेफेलाइटिस पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के बाद संचारी रोगों के उन्मूलन में उत्तर प्रदेश ने एक और बड़ी सफलता प्राप्त की है। हाल के परिणाम बताते हैं कि प्रदेश में मलेरिया और कालाजार रोग समाप्ति की ओर है। प्रति 1,000 की जनसंख्या पर एक से भी कम लोगों में मलेरिया की समस्या देखी गई, जबकि कालाजार रोग 22 चिन्हित ब्लॉक में हर 10,000 की आबादी में एक से कम लोगों में ही देखा गया है। यह बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने टीम यूपी को बधाई देते हुए कहा कि बहुत जल्द हमारा प्रदेश कालाजार मुक्त हो जाएगा और मलेरिया पर प्रभावी नियंत्रण भी हो जाएगा।