लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में कल यानी 25 मार्च को दूसरी बीजेपी सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होने वाला है। समारोह में देश की कई नामचीन हस्तियां मौजूद रहेंगी।
इसके लिए सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मुलायम सिंह यादव, मायावती और अखिलेश यादव सहित विभिन्न दलों के नेताओं के साथ उद्योग और फिल्म जगत की कई बड़ी शख्सियतों को न्योता भेजा गया है।
अंबानी और अडानी को भी न्यौता
समारोह में भाजपा शासित राज्यों के 12 मुख्यमंत्री, पांच राज्यों के उप मुख्यमंत्रियों को भी आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा रिलायंस इंडस्ट्रीज के मुकेश अंबानी, अडानी ग्रुप के गौतम अडानी, बाबा रामदेव, आनंद महिंद्रा जैसे बड़े उद्योगपतियों को भी न्यौता भेजा गया है।
फिल्मी हस्तियों को भी आमंत्रण
योगी आदित्यनाथ के शपथ ग्रहण समारोह के लिए कई फिल्मी हस्तियों को भी निमंत्रण भेजा गया है। बताया जाता है कि इसमें अभिनेत्री कंगना रणौत, अनुपम खेर, कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव जैसे फिल्मी हस्तियां शामिल हैं।