नई दिल्ली। भाजपा नेता तजिंदर बग्गा को पंजाब पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पंजाब साइबर सेल की टीम ने शुक्रवार सुबह की। उनके खिलाफ मोहाली साइबर थाने में केस दर्ज है। इधर, बग्गा को मोहाली ले जा रही पंजाब पुलिस की गाड़ी को हरियाणा पुलिस ने रोक लिया है।
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने पंजाब पुलिस के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज किया है। इसके बाद दिल्ली पुलिस की सूचना पर बग्गा को ले जा रही पंजाब पुलिस की गाड़ियों को हरियाणा पुलिस ने रोक लिया। पंजाब पुलिस गिरफ्तारी के बाद बग्गा को दिल्ली से मोहाली ले जा रही थी। वहां उन्हें कोर्ट में पेश किया जाना है। हरियाणा पुलिस के मुताबिक, कुरुक्षेत्र में पंजाब पुलिस से पूछताछ की जा रही है। दिल्ली पुलिस के कहने पर गाड़ी रोकी गई है।
भाजपा नेता तजिंदर बग्गा पर फिल्म कश्मीर फाइल्स को लेकर दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल पर विवादित टिप्पणी करने का आरोप है। पंजाब पुलिस ने बग्गा को जांच में शामिल होने का नोटिस दिया था, लेकिन वे इसके लिए नहीं पहुंचे थे। जिसके बाद पंजाब पुलिस ने उनको गिरफ्तार कर लिया।