भोपाल। मध्य प्रदेश में त्रिस्तरीय चुनाव की घोषणा हो गई है। ऐसे में सत्तारूढ़ दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नगरीय और पंचायत चुनावों में जीत के लिए तैयारियों में जुटी है। पार्टी इन चुनावों को लेकर किसी तरह की कसर नहीं छोड़ना चाहती है। इन तैयारियों के बीच पार्टी ने चुनाव समिति और कोर समूह की शुक्रवार रात घोषणा कर दी, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, ज्योतिरादित्य सिंधिया और वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय भी शामिल हैं।
प्रदेश भाजपा की ओर से रात में जारी सूची के अनुसार प्रदेश कोर ग्रुप (समूह) में केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, राकेश सिंह, नरोत्तम मिश्रा, लाल सिंह आर्य, जयभान सिंह पवैया, राजेंद्र शुक्ला, भूपेंद्र सिंह, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, प्रदेश महामंत्री कविता पाटीदार और पूर्व मंत्री ओमप्रकाश धुर्वे शामिल हैं। राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी पी मुरलीधर राव और प्रदेश सह प्रभारी पंकजा मुंडे भी कोर ग्रुप में विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल किए गए हैं।
इसी तरह चुनाव समिति में उपरोक्त नेताओं के अलावा गजेंद्र सिंह पटेल, रामपाल सिंह और महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती माया नारोलिया को शामिल किया गया है। प्रदेश संगठन ने प्रदेश अनुशासन समिति का भी गठन किया है, जिसमें पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष वेदप्रकाश शर्मा, विधायक देवीलाल धाकड़ और उज्जैन के जगदीश अग्रवाल को सदस्य बनाया गया है। प्रदेश आर्थिक समिति भी बनायी गयी है, जिसमें प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, सह कोषाध्यक्ष अनिल जैन कालूहेड़ा, पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी को शामिल किया गया है।
दूसरी ओर मध्यप्रदेश शासन द्वारा प्रदेश की समस्त शिक्षण संस्थाओं में कार्यरत शिक्षकों के लिए घोषित ग्रीष्मकालीन अवकाश निरस्त कर दिए गए हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर प्रदेश में त्रि-स्तरीय पंचायतों और नगरीय निकायों के चुनावों के दृष्टिगत यह फैसला लिया गया है। पूर्व में स्कूल शिक्षा विभाग ने शिक्षकों के लिए 1 मई से 9 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किया था।