लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को उनके सहयोगी ओम प्रकाश राजभर ने बड़ा झटका दिया है। राजभर ने राष्ट्रपति चुनाव के लिए एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को अपना समर्थन देने की घोषणा की है।
राजभर ने शुक्रवार को कहा कि, ‘सीएम योगी ने मुझे फोन किया और कहा कि आप पिछड़े, दलितों, वंचितों के लिए लड़ रहे हैं, आप द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करते हैं। मैं उनसे मिलने गया। उसके बाद गृह मंत्री अमित शाह के साथ भी बैठक की। उनसे बात करने के बाद हमने द्रौपदी मुर्मू को अपना समर्थन देने की घोषणा की है।’ हालांकि ओम प्रकाश राजभर ने साफ कर दिया कि वह अब भी अखिलेश यादव के साथ हैं।
ओपी राजभर इस बात से खफा हैं कि अखिलेश यादव ने उन्हें राष्ट्रपति चुनाव के लिए बैठक में आमंत्रित नहीं किया। हालांकि एमएलसी चुनाव के बाद से वह नाराज थे और इसका असर राष्ट्रपति चुनाव पर भी पड़ा है।
इससे पहले सपा अध्यक्ष अखिलेश याद के चाचा और पार्टी के विधायक शिवपाल सिंह यादव ने भी राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करने का ऐलान किया था।