लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता का गुड़गांव के मेदांता हॉस्पिटल में निधन हो गया है। साधना गुप्ता, बीजेपी नेत्री अपर्णा यादव की सास और प्रतीक यादव की मां थीं।
पिछले सप्ताह साधना गुप्ता को शुगर सहित कई अन्य बीमारियों की वजह से मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। बता दें कि साल 2003 में मुलायम सिंह की पहली पत्नी और अखिलेश यादव की मां मालती देवी का निधन हो गया था इसके बाद सपा नेता ने खुद से 20 साल छोटी साधना गुप्ता को दूसरी पत्नी का दर्जा दिया था।
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सपा संरक्षक की पत्नी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। मौर्य ने ट्विटर पर लिखा, ”पूर्व मुख्यमंत्री श्री मुलायम सिंह यादव जी की पत्नी श्रीमती साधना गुप्ता जी के निधन का दुखद समाचार मिला, प्रभू पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में जगह दे. आदरणीय श्री मुलायम सिंह जी और परिजनों को ये दुख सहन करने की क्षमता दे! ॐ शांति शांति शांति”
बता दें कि साधना गुप्ता उत्तर प्रदेश के इटावा के बिधुना तहसील की रहने वाली थी। 4 जुलाई 1986 में उनकी शादी फर्रुखाबाद के चंद्रप्रकाश गुप्ता से शादी हुई थी। इनकी शादी के बाद 7 जुलाई 1987 में प्रतीक यादव का जन्म हुआ था। प्रतीक के जन्म के दो साल बाद साधना और चंद्रप्रकाश अलग हो गए थे। इसके बाद साधना गुप्ता, मुलायम सिंह यादव के संपर्क में आई थीं।