भोपाल। उत्तर प्रदेश में बुलडोजर बाबा के बाद अब मध्यप्रदेश में “मामा का बुलडोज़र” ट्रेंड पर है। आरोपियों के खिलाफ लगातार शिवराज सरकार का बुलडोजर भारी है। ऐसे में ग्वालियर जिले के बहोड़ापुर इलाके के सुभाष नगर में दुष्कर्म के आरोपी के अवैध मकान को तोड़ने के लिए जिला प्रशासन की टीम बुलडोजर लेकर पहुंची। इधर, प्रशासन की कार्रवाई की सूचना के बाद आरोपी के परिवार की महिलाओं ने घर से निकल कर सड़क पर हंगामा किया। महिलाओं के हंगामे के बाद मौके पर भारी पुलिस बल पहुंच गया, उसके बाद आरोपी की अवैध मकान बुलडोज़र से ढहा दिया गया।
बता दें कि शहर के बहोड़ापुर इलाके के सुभाष नगर में दुष्कर्म के आरोपी चतुर्भुज राठौर ने अवैध मकान बनाया हुआ है। इसी को लेकर एसडीएम प्रदीप सिंह तोमर के नेतृत्व में आज प्रशासन की टीम दुष्कर्म के आरोपी के अवैध मकानों को तोड़ने के लिए वहां पहुंची तो आरोपी के परिजन सड़क पर उतरकर हंगामा करने लगे। इसमें महिलाएं भी शामिल थीं।
एक घंटे की मशक्कत के बाद जिला प्रशासन ने महिला पुलिस फोर्स बुलवाया। इसके बाद हंगामा कर रहे लोगों को हिरासत में लिया गया और उसके बाद दुष्कर्म के आरोपी के अवैध मकान को तोड़ने के लिए बुंलडोजर चलाया गया।