बेंगलुरु। देश के सबसे बड़े घरेलू क्रिकेट टूर्नामेंट रणजी ट्रॉफी को नया चैंपियन मिल गया है। बेंगलुरु में खेले गए फाइनल मुकाबले में मध्य प्रदेश ने 41 बार की चैंपियन मुंबई को छह विकेट से हराकर पहली बार खिताब जीत लिया है।
पिछले कुछ सालों में देश में एक के बाद एक नई शक्तिशाली टीमें उभर कर सामने आ रही हैं। MP की खिताबी जीत भी इस फैक्ट की तस्दीक करती है। 2014-15 से अब तक 8 सीजन में 6 अलग-अलग टीमों ने खिताब जीते हैं।
मैच के आखिरी दिन मुंबई की दूसरी पारी 269 रन के स्कोर पर सिमट गई। इस तरह MP को जीत के लिए 108 रन का टारगेट मिला, जिसे उसने चार विकेट खोकर हासिल कर लिया।
मुंबई की पहली पारी के 374 रन के जवाब में मध्यप्रदेश ने 536 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। यश दुबे और शुभम शर्मा और रजत पाटीदार ने शतकीय पारियां खेलीं। दूसरे विकेट के लिए शुभम शर्मा और यश दुबे ने 222 रन की साझेदारी कर मध्यप्रदेश को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया शुभम शर्मा 116 रन बनाकर आउट हुए। यश दुबे ने 133 और रजत पाटीदार ने 122 रन की पारी खेली।
मुंबई के लिए तुषार देशपांडे ने तीन विकेट और सम्स मुलानी ने पांच विकेट लिए थे। जबकि मोहित अवस्थी को दो विकेट मिले।